
तिलक नगर की सांईनाथ कॉलोनी में मंगलवार देर रात 2.15 बजे एक डॉक्टर के घर भीषण आग लग गई। परिवार के 9 सदस्य, जिनमें दो सीनियर सिटीजन थे, वे 45 मिनट तक घर में ही फंसे रहे। रहवासियों की जागरूकता से पुलिस व फायर ब्रिगेड मौके पर आई और रेस्क्यू कर सभी सदस्यों को निकाला। इसके बाद आग को नियंत्रित किया।
पुलिस के मुताबिक घटना नेमीचंद जैन (72) के दो मंजिला मकान में हुई। उनकी पत्नी शशि (62), बेटा गौरव, अंकित और बहू डॉ. पूजा, अंकिता व तीन बच्चों का परिवार रहता है। पूजा एमवाय अस्पताल में ऑर्थोपेडिक डॉक्टर हैं। परिवार के अनुसार सभी अपने-अपने कमरों में सो रहे थे तभी तल मंजिल पर शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकली और सोफे पर गिरी। सोफे ने आग पकड़ी और गृहस्थी का सामान जलने लगा। धीरे-धीरे आग पूरे घर में फैल गई।
आग घर के अगले हिस्से से लगना शुरू हुई थी, इसलिए बाहर निकलने की जगह नहीं मिली। कुछ ही देर में आग नीचे से ऊपरी मंजिल के कमरों तक पहुंच गई। पड़ोसियों को पता चला तो उन्होंने कॉलोनी के पुलिस सहायता केंद्र जाकर बताया फिर फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इस बीच आग विकराल हुई तो वृद्ध नेमीचंद व उनकी पत्नी जान बचाने के लिए नीचे स्थित पीछे वाले कमरे में चले गए। जब आग ऊपर के कमरों तक पहुंची तो वहां परिवार के 6 सदस्य बुरी तरह फंसे हुए थे।
बालकनी में सीढ़ी लगाकर किया रेस्क्यू
करीब 3 बजे फायर ब्रिगेड टीम पहुंची। एएसआई सुशील दुबे, प्रताप सिंह, ओंकार सिंह, राजेंद्र सोलंकी और मनोज ने परिवार के लोगों को बालकनी में सीढ़ी लगाकर रेस्क्यू किया। गृहस्थी का पूरा सामान खाक हो गया, लेकिन परिवार सुरक्षित है। नेमीचंद जैन, पूजा और बेटी दृष्टि को रेस्क्यू के दौरान चोट आई। घर में धुआं भरने से नेमीचंद, बहू पूजा और पोती बेहोश हो गए।
