ट्रैफिक पुलिस ने लिखा आप हमारे मेहमान न बनें: इंदौर में 31 दिसंबर को लेकर जारी किया पोस्टर, कहा- आएंगे वाहन से, जाएंगे पैदल

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने 31 दिसंबर को लेकर अलग अंदाज में चेतावनी दी है। इसे लेकर एक पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें लिखा है कोशिश करें, आप हमारे मेहमान ना बनें। 31 दिसंबर को जहां इंदौर पुलिस मैदान में रहेगी वहीं ट्रैफिक पुलिस के जवान भी जगह-जगह चेकिंग पाइंट पर नजर आएंगे।
शहर के अंदर के साथ ही शहर के बाहर भी चेकिंग चलेगी। ट्रैफिक पुलिस द्वारा अनोखे अंदाज में दी गई चेतावनी का पोस्टर काफी वायरल भी हो रहा है। पुलिस ने इस पोस्टर के माध्यम से चेतावनी दी है कि नशा करके गाड़ी ना चलाए। जिससे खुद की और दूसरों की जान जोखिम में ना आ जाए।
कई लोग नशे में चलाते है गाड़ी
बता दें, 31 दिसंबर को कई जगह नए साल के जश्न का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा होटल, बार-पब में भी कई आयोजन होते है। जिसमें कई लोग शराब का सेवन भी करते है। शराब के नशे में लोग गाड़ी ना चलाए और हादसों का शिकार ना हो इसलिए पुलिस जगह-जगह चेकिंग करेगी और नशे में गाड़ी चलाने वालों की गाड़ी जब्त करेगी। बताया जा रहा है कि 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी 31 दिसंबर को ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया चेतावनी का अनूठा पोस्टर
ट्रैफिक पुलिस ने 31 दिसंबर को लेकर एक पोस्टर जारी किया है। जो काफी वायरल भी हो रहा है। इस पोस्टर में लिखा है कोशिश करें, आप हमारे मेहमान न बनें। 31 दिसंबर की रात विशेष संदेश सिर्फ हमारे खास मेहमानों के लिए नशे में वाहन चलाने वाले तेज या लापरवाही से वाहन चलाने वाले स्टंटबाजी कर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले आप आएंगे वाहन से, लेकिन जाएंगे पैदल। समय पूरी रात, स्थान नजदीकी पुलिस स्टेशन। इस पोस्टर में ये भी लिखा है कि अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ जश्न मनाएं। स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।

Exit mobile version