झगड़े का बदला लेने खुद को चाकू मारा:शादी में हुए विवाद को लेकर रची झूठी कहानी, अब पुलिस के हत्थे चढ़ा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के पलासिया इलाके में एक युवक ने खुद को चाकू मारकर झूठा केस दर्ज करा दिया। उसने तीन लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस जांच में पूरा मामला फर्जी निकला। अब पुलिस उसी युवक के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
घटना 26 मई की रात करीब 3 बजे की है। शिवराज मेवाड़ा नाम के युवक ने पुलिस को बताया कि टैक्सी स्टैंड के पास तरुण मालवीय और उसके दो साथियों ने उस पर चाकू से हमला किया। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि जिस समय की घटना बताई गई, उस वक्त तरुण शुजालपुर में मौजूद था।
शक होने पर पुलिस ने शिवराज और उसके दोस्त नरेंद्र मेवाड़ा से अलग-अलग पूछताछ की। दोनों के बयान झूठे पाए गए। इसके बाद पुलिस ने शिवराज का मोबाइल चेक किया तो उसमें अपनी गर्लफ्रेंड को भेजे गए घायल होने के फोटो मिले। लड़की से पूछताछ में सामने आया कि शिवराज ने खुद को चाकू मारा था।
पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि कुछ दिन पहले शादी समारोह में शिवराज और नरेंद्र की तरुण से कहासुनी और मारपीट हुई थी। इस मामले में तरुण ने शुजालपुर थाने में दोनों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। इसी का बदला लेने के लिए शिवराज ने यह साजिश रची।
अब पलासिया पुलिस ने शिवराज और नरेंद्र के खिलाफ झूठी FIR दर्ज करने, साजिश रचने और पुलिस को गुमराह करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version