इंदौर के लवकुश चौराहे पर एक ऑटो रिक्शा चालक की भीड़ द्वारा पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना बुधवार की शाम की बताई जा रही है, जब एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ ऑटो चालक ने कथित तौर पर गलत हरकत (बैड टच) की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लड़की के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने ऑटो चालक को पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलते ही भीड़ आक्रोशित हो गई और उन्होंने बीच सड़क पर ही आरोपी ऑटो चालक की जमकर पिटाई कर दी।
इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि लोग आरोपी को लात-घूंसों से मार रहे हैं। यह घटना एक बार फिर शहर में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करती है।
