इंदौर के तिलक नगर इलाके में एक छात्रा को लगातार परेशान करने के मामले में करणी सेना के पदाधिकारियों ने रविवार को एक युवक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आरोपी की पहचान हमस शेख निवासी संचार नगर के रूप में हुई है।
छात्रा का आरोप है कि कॉलेज में साथ पढ़ रहा हमस कई दिनों से उसका पीछा कर रहा है और जबरन दोस्ती का दबाव बना रहा है। तिलक नगर थाना पुलिस ने रात में ही लड़की की शिकायत और मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी हमस शेख के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। अब पुलिस द्वारा परिजनों और छात्रा के बयान भी लिए जा रहे हैं।
छात्रा को कार में बैठाने की कोशिश, मौके पर ही पिटाई
करणी सेना के पदाधिकारी मानसिंह राजावत के मुताबिक छात्रा ने कॉल कर उनके कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी रोज उसे परेशान करता है और रविवार को बातचीत के नाम पर पिपल्याहाना ब्रिज पर मिलने के लिए बुला रहा है। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने छात्रा को उसी जगह जाने की सलाह दी, जहां आरोपी ने बुलाया था।
जैसे ही छात्रा पहुंची, हमस ने उसे जबरदस्ती कार में बैठाने का प्रयास किया। इसी दौरान करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया और मौके पर ही पिटाई कर तिलक नगर पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में आरोपी ने कहा कि वह छात्रा से “प्यार करता है” और इसलिए उसका पीछा करता था।
बीजेपी मंडल अध्यक्ष का फोन, छुड़वाने का विवाद
मामला यहीं नहीं रुका। करणी सेना पदाधिकारियों के अनुसार आरोपी हमस को छुड़ाने के लिए बीजेपी विधानसभा-5 के मंडल अध्यक्ष अजहर शेख ने फोन कर दबाव बनाया। अजहर शेख का कहना था कि हमस उनका रिश्तेदार है, इसलिए कार्रवाई न करते हुए उन्हें समझाइश के साथ छोड़ दिया जाए। हालांकि मानसिंह राजावत ने इस पर स्पष्ट कहा कि मामला गंभीर है और सीधे पुलिस कार्रवाई ही होगी।

