आरोपियो के विरुद्ध NDPS ACT के अन्तर्गत प्रकरण पंजीबद्ध
इंदौर पुलिस ने गंगवाल बस स्टैंड के पास एक बस से आई डोडा चूरा की खेप बरामद कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। यह खेप नीमच से लाई गई थी और ऑटो ड्राइवर इसे डिलीवरी के लिए ले जा रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने ऑटो रोका और तलाशी लेने पर उसमें कागज के डिब्बों में भरा डोडा चूरा बरामद किया।
डीसीपी ऋषिकेश मीना के निर्देश पर गंगवाल बस स्टैंड पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक ऑटो को रोका गया, जिसे रईस उर्फ कल्लू पुत्र रसीद खान (निवासी चंदन नगर) चला रहा था। ऑटो में पीछे दो पार्सल रखे थे। जब पुलिस ने उन्हें खोलकर देखा तो उसमें डोडा चूरा भरा मिला।
पूछताछ में रईस ने बताया कि उसे राहुल (निवासी मनासा, नीमच) ने फोन कर यह पार्सल लेने को कहा था। पार्सल जयश्री बस के कंडक्टर सलीम (निवासी नीमच) द्वारा सौंपा गया था। रईस को निर्देश दिए गए थे कि कॉल आने पर संबंधित जगह पर इसे डिलीवर करना है, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह खेप कहां और किसे डिलीवर की जानी थी।
उक्त कार्यवाही में निरीक्षक केपीसिंह यादव, उनि पवन कुमार नरवरे, उनि हजारीलाल मेहरा प्रआर बलराम, धर्मेंद्र, आर. अरुण सिंह,. सिओम, धर्मेंद्र, . राजेंद्र खराड़ी की भूमिका सराहनीय रही है।
