चित्रकूट में मां मंदाकिनी की सेवा में जुटे मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

तट पर श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश, बोले- नदियां हमारी संस्कृति की संवाहक हैं

26 मई 2025
चित्रकूट/सतना.
मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय जी सतना जिले के दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में पुण्य सलिला मां मंदाकिनी के तट पर पहुंचकर श्रमदान किया और नदी की साफ-सफाई में सहभागी बने।
मां मंदाकिनी के किनारे स्वच्छता का संदेश देते हुए श्री विजयवर्गीय ने कहा, “नदियां हमारी संस्कृति की संवाहक और जीवन की आधारशिला हैं। उनका संरक्षण एवं संवर्धन प्रत्येक संवेदनशील नागरिक का नैतिक दायित्व है।”
स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए उन्होंने स्थानीय नागरिकों, संतों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों से भी इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जब हम अपनी नदियों की सेवा करते हैं तो हम अपने भविष्य को सुरक्षित करते हैं। चित्रकूट जैसी पावन भूमि पर मां मंदाकिनी की सेवा करना आत्मिक आनंद की अनुभूति है।
इस अवसर पर दीनदयाल शोध संस्थान, चित्रकूट के संगठन सचिव श्री अभय महाजन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, श्रद्धालुजन और सेवाभावी नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मां मंदाकिनी के तट पर श्रमदान कर पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का संदेश दिया।

Exit mobile version