कुंडली के ‘दोष’ ने खाली की जेब… सॉफ्टवेयर इंजीनियर से 6.20 लाख की ठगी, इंस्टाग्राम पर मिला था फर्जी ज्योतिषी

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

शहर की एक आईटी कंपनी में कार्यरत 24 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कुंडली में दोष बताकर लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने अपनी नौकरी और रिलेशनशिप की समस्याओं से परेशान होकर सोशल मीडिया पर ज्योतिषी की तलाश की थी।

इंदौर। शहर की एक आईटी कंपनी में कार्यरत 24 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कुंडली में दोष बताकर लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने अपनी नौकरी और रिलेशनशिप की समस्याओं से परेशान होकर सोशल मीडिया पर ज्योतिषी की तलाश की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने शिकायत दर्ज कर तीन संदिग्ध बैंक खातों को ब्लॉक करवा दिया है।

हवन-पूजन और दान के नाम पर वसूले लाखों

पुलिस के मुताबिक, खुद को ज्योतिषी और बाबा बताने वाले ठग ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर से कुल 6.20 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित अपनी निजी और पेशेवर समस्याओं को लेकर लंबे समय से तनाव में था। इसी दौरान उसने इंस्टाग्राम पर एक ज्योतिषी का विज्ञापन देखा और उसमें दिए गए नंबर पर संपर्क किया। ठग ने युवक से कुंडली मांगी और उसे देखने के बाद दावा किया कि इसमें ‘दोष’ है। समस्याओं के निवारण के लिए भारी-भरकम हवन-पूजन और दान-पुण्य के नाम पर कई बार भुगतान करवाया गया। जब कोई समाधान नहीं निकला और आरोपी संपर्क से बचने लगा, तब युवक को ठगी का एहसास हुआ।

झांसे में आता गया पीड़ित

ठग ने पीड़ित को भरोसा दिलाया था कि हवन-पूजन के बाद उसके रिलेशनशिप में सुधार होगा और नौकरी में भी पदोन्नति मिलेगी। इसी उम्मीद में युवक बार-बार रुपये ट्रांसफर करता रहा। पीड़ित ने बताया कि उसे कई बार शंका भी हुई, लेकिन हर बार उसे लगा कि शायद इस बार की पूजा के बाद सब ठीक हो जाएगा।

क्राइम ब्रांच ने जारी की एडवाइजरी

डिजिटल युग में ऑनलाइन ज्योतिषियों के बढ़ते प्रभाव और उनके जरिए हो रही ठगी को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने एडवाइजरी जारी की है। साइबर अपराधी लोगों की आस्था और परेशानियों का फायदा उठाकर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

- Advertisement -

धोखाधड़ी से बचने के लिए सुझाव:

  • किसी भी अनजान ऑनलाइन ज्योतिषी के साथ अपनी गोपनीय या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
  • अत्यधिक डराने वाली बातों या ‘चमत्कारी समाधान’ के दावों पर कतई भरोसा न करें।
  • ज्योतिष के नाम पर किसी भी अनजान ऐप को मोबाइल में डाउनलोड करने से बचें।
  • बिना जांच-पड़ताल किए किसी भी व्यक्ति के खाते में ‘पूजा’ या ‘अनुष्ठान’ के लिए पैसे ट्रांसफर न करें।
Exit mobile version