कलेक्टर श्री आशीष सिंह की अध्यक्षता में अग्नि सुरक्षा के लिए बैठक हुई आयोजित

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने आज इंदौर शहर में विशेष तौर पर रहवासी इलाकों में अग्नि सुरक्षा के संदर्भ में संबंधित विभागों की बैठक ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में फ़ायर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। आठ सब फायर  स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे कि पूरे शहर को कवर किया जाएगा। इसके साथ-साथ ख़ास तौर पर जी प्लस थ्री से ऊपर के जो भवन हैं और जो हॉस्पिटल, बहुमंजिला रहवासी भवन, मॉल एवं कमर्शियल भवन, सिनेमा भवन, हॉस्टल, होटल, स्कूल हैं, इनके ऊपर विशेष फ़ोकस करेंगे और उसमें जो बेसिक आवश्यकता है उसे पूरा कराएंगे। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि अग्निशमन की चेकिंग के लिए एक विशेष अभियान कल से चलाया जाएगा। बैठक में आयुक्त नगर निगम श्री शिवम वर्मा, अपर कलेक्टर श्री रोशन राय, डीआईजी श्री अमित सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम श्री रोहित सिसोनिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि इंदौर में नेमावर रोड, सुपर कॉरिडोर, विजय नगर, स्टार चौराहा, धार रोड आदि स्थानों पर सब फायर स्टेशन स्थापित किये जाएंगे। इन सब स्टेशनों में नये फायर वाहन एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराये जाएंगे। फायर रोबोट, ड्रोन कैमरे एवं फायरकर्मी को फायर सुरक्षा किट प्रदाय किये जा रहे हैं। बताया गया कि आधुनिक फायर वाहनों एवं संसाधनों के क्रय हेतु शासन से आवश्यक बजट आवंटन हेतु मांग की गई है। फायर रिस्पॉन्स टाईम कम करने हेतु विशेष योजना बनाई जा रही है।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जी प्लस थ्री से ऊपर के भवनों में आवश्यक सुरक्षा के उपाय अवश्य करें। यदि जाँच के दौरान सुरक्षा के उचित प्रबंध नहीं पाये जाते हैं तो ऐसे भवनों को सील करने की कार्रवाई भी की जायेगी। बैठक में नगर निगम, फ़ायर ब्रिगेड, राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version