एरोड्रम थाना क्षेत्र की बाबू मुराई कॉलोनी में 4 साल की बच्ची की करंट लगने से मौत के मामले में पुलिस ने लापरवाही का केस दर्ज किया है। हादसा 21 मई को हुआ था, जब मासूम भामिनी (पुत्री योगेश) घर के बाहर नंगे पैर खेल रही थी।
खेलते वक्त वह अचानक गिर गई और उसी समय उसे करंट लग गया। परिजन बच्ची को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि पास ही रहने वाले पड़ोसी अनूप सिंह ठाकुर ने अपने घर का बिजली मीटर लगाया था, जिसमें से निकली एक तार गलती से जमीन में लगे लोहे के सरिए से छू रही थी। भामिनी का पैर उसी सरिए पर पड़ गया, जिससे उसे करंट लगा और उसकी जान चली गई।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी अनूप सिंह के खिलाफ लापरवाही से मौत का केस दर्ज कर लिया है। अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
