एमवाय हॉस्पिटल के सर्जरी विभाग में डॉक्टर्स ने जटिल ऑपरेशन किया है। खरगोन जिले के ग्राम दबिया की मसाली बाई (50) को पेट दर्द की शिकायत के बाद भर्ती किया था। जांच में पता चला उनके पेट में दो बड़ी गठानें हैं, जिनका वजन लगभग 15 किलो से अधिक था। जब सीटी स्कैन और अन्य परीक्षण किए गए, तब स्पष्ट हुआ कि तुरंत ऑपरेशन की जरूरत है। टीम ने मरीज की स्थिति को देखते हुए जोखिम के बावजूद सर्जरी का निर्णय लिया। कई घंटे चले ऑपरेशन में दोनों बड़ी गठानें सफलतापूर्वक निकाल ली गईं और मरीज की जान बच गई। जानलेवा हो सकती थीं गठानें : डॉक्टर्स का कहना है कि इतने बड़े आकार की ट्यूमर जैसी गठानें कम ही देखने को मिलती हैं। इनका देर तक पेट में बने रहना जानलेवा भी हो सकता था। ऑपरेशन के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ है। यह सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ अरविंद शुक्ला, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सोमेन भट्टाचार्जी, डॉ. अविनाश गौतम, डॉ. उपेंद्र पांडेय, डॉ. रामेंद्र गुर्जर और जूनियर डॉक्टर्स की टीम ने मिलकर की। मसाली बाई को बुधवार को डिस्चार्ज कर दिया गया।
