उज्जैन की महिला राजस्थान में कर रही थी हनी ट्रैप महिला के खिलाफ़ जयपुर में 14 मुकदमे दर्ज

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

अलवर। शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने एक शातिर महिला को गिरफ्तार किया, जो महंगी गाड़ी में सवार अनजान लोगों को लिफ्ट मांगकर हनी ट्रैप के जाल में फंसाती थी। फिर धमकी देकर रुपए ठगती। उज्जैन की इस महिला ने अलवर में करीब 15 लोगों से ठगी की और जयपुर में उसके ख़िलाफ़ 14 मामले दर्ज है।

थाना प्रभारी विनोद सामरिया ने बताया कि फरियादी ने एक रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि मैं 23 जून 2025 को रात 10 बजे अपनी दुकान से घर जा रहा था। इसी दौरान मंगलम सिटी के सामने 200 फीट रोड पर कार के आगे एक महिला आ गई। उसने अपने आपको डॉक्टर बताकर लिफ्ट मांगी। इसके बाद मैंने उसे अंसल टाउन छोड़ दिया। कार में लिफ्ट के दौरान उसने बात करने के लिए नंबर एक्सचेंज किए। उसके बाद कॉल व मैसेज पर बात होती रही। एक दिन महिला ने बलात्कार का झूठा मुकदमा दर्ज करने की धमकी देकर ₹45 हजार रुपए की मांग की। मैंने ₹25 हजार पहले दे दिए. इसके बाद मैंने पुलिस सब बताया।

थाना प्रभारी ने सूरज मेहता चैनल को बताया कि शिकायत मिलने पर हमने महिला को फंसाने के लिए जाल बिछाया। ₹500 के 40 नोट यानी कुल 20 हजार रुपये लेकर बीएसआर कॉलेज के पास फरियादी को भेजा गया। उसके साथ सादा कपड़ों में महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों भी भेजे गए। इसके बाद उसे नोट लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से मिले पैसे जब्त कर लिए गए। जब आरोपी महिला से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

- Advertisement -

पूछताछ में सामने आया कि महिला 20 साल से इस काम में लगी हुई है और अलग-अलग नाम से लोगों को ठगती है। जयपुर के कई थानों में उसके खिलाफ 14 मुकदमे दर्ज हैं।

महिला उज्जैन के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में स्थित एकता नगर कॉलोनी की रहने वाली है, जो कभी किसी को तृषा खान तो कभी किसी को तृषा राठौर बनकर ठगती रही। यह महिला कार में लिफ्ट लेने के बाद बताती है, कि वह सरिस्का घूमने आई है और अपनी बातों से कार सवार को प्रभावित करती है।

अलवर में भी वह 15 लोगों को ठग चुकी है। कार में सवार होने के बाद यह महिला कार सवार से नंबर लेती है फिर बातें करना शुरू करती है। बाद में धमकी देकर कहती है कि मैंने तुम्हारे खिलाफ सबूत इकट्ठा कर लिए हैं। अब मैं बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराऊंगी। उसके बाद फरियादी घबराकर इसको पैसे दे देता है।

Exit mobile version