उच्च शिक्षा मंत्री श्री परमार क्षिप्रा में आयोजित श्रीमद भागवत कथा महोत्सव में शामिल हुए

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

समाज को दिशा देने के साथ लोक कल्याण की भावना जागृत करते है संत : मंत्री श्री परमार
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इंदरसिंह परमार ने कहा कि संत समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं और समाज को सदमार्ग दिखाते हैं। साथ ही समाज में लोक कल्याण की भावना को जागृत करते हैं। मंत्री श्री परमार शनिवार को इंदौर जिले के क्षिप्रा में आयोजित श्रीमद भागवत धाम कथा महोत्सव में शामिल हुए। यहां पर महंत श्री उत्तम स्वामी जी की भागवत कथा हो रही है।
मंत्री श्री परमार ने कहा कि वे लोग सौभाग्यशाली होते हैं, जिन्हें श्रीमदभागवत कथा सुनने को मिलती है। यह सौभाग्य आज मुझे भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने श्री हरिकृष्ण मानव गोसेवा संस्थान द्वारा आयोजित इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा ‍कि हम सनातन परंपरा और श्रेष्ठ मूल्य परंपरा को अपने जीवन में अपनायें। इस मौके पर मंत्री श्री परमार ने व्यासपीठ का पूजन किया और महंत उत्तम स्वामी महाराज का दुपट्टे से स्वागत किया। साथ ही आरती में शामिल हुए। भागवत कथा प्रसंग में रूकमणी विवाह सम्पन्न हुआ।
श्री उत्तम स्वामी महाराज ने कहा कि गुरु मिलना आसान है, किन्तु सद्गुरु मिलना कठिन है। हम अपने जीवन में सद्गुरु बनायें और उसके बताये रास्ते पर चले। इस मौके पर विधायक श्री अरुण भीमावत, श्री आशीष शर्मा, श्री विजय पाटीदार, श्री सुमित मिश्र, श्री रवि चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Exit mobile version