ईडी ने की कार्रवाई:सट्टा चलाने वाली गैंग के सदस्य की एक करोड़ की संपत्ति अटैच

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

1 साल पहले मास्टरमाइंड की 8.89 करोड़ रुपए की संपत्ति ली थी कब्जे में
अवैध ऑनलाइन बेटिंग एप ‘सट्टा मटका’ संचालित करने वाले मनोज मालवीय की 1 करोड़ रुपए की संपत्ति ईडी ने अटैच की। मनोज लोकेश वर्मा और निखिल हलभवी उर्फ अजय रतन राजपूत के साथ मिलकर सट्टा चलाता था। इस एप का मास्टरमाइंड लोकेश वर्मा था।
मप्र पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, जिसके आधार पर ईडी ने पिछले महीने छापा मारा था। तीनों आरोपी धनगेम्स और सट्टा मटका एप के माध्यम से मप्र, कर्नाटक और देश के अन्य हिस्सों के लोगों से सट्टे में पैसा लगवाते थे।
इसमें खेलने वाले लोग अपने यूपीआई से पैसे धनगेम्स के वॉलेट में लोड कर सट्टा लगाते थे। यह राशि कई फर्जी बैंक खातों के माध्यम से होकर लोकेश के पास आती थी। लोकेश ने इसके लिए कई लोगों की केवाईसी का गलत इस्तेमाल कर उनके खातों को अपने गलत काम में उपयोग किया। इसके माध्यम से वर्मा ने 25 करोड़ रुपए कमाए।
इससे पहले ईडी ने छापे के दौरान 46 लाख की राशि पकड़ी थी और 19 जनवरी 2024 को 8.89 करोड़ रुपए की 10 अचल संपत्तियां और बैंक खातों को सील किया था। एक साल बाद 30 जनवरी 2025 को 1 करोड़ रुपए की अतिरिक्त प्रॉपर्टी को अटैच किया है।

Exit mobile version