इंदौर के शीतला माता बाजार में नगर निगम की टीम कार्रवाई करने पहुंची। मगर यहां दलाल, व्यापारी एकजुट हो गए। निगमकर्मी और वे आमने-सामने हो गए। उन्होंने कार्रवाई का विरोध किया। बताया जा रहा है कि निगमकर्मी दुकान के बाहर रखा सामान उठाकर लाया तो एक दलाल ने उनके साथ धक्का-मुक्की कर दी। मामले में निगम ने सराफा थाने में शिकायती आवेदन भी दिया है।
मार्केट में घुसने नहीं देंगे
मंगलवार शाम नगर निगम की टीम शीतला माता बाजार में कार्रवाई करने पहुंची थी। कार्रवाई करने के दौरान टीम दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त कर रही थी। बताया जा रहा है कि उन लोगों ने कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। विरोध करने वाले यहां तक कहने लगे कि नगर निगम और ट्रैफिक वालों को मार्केट में घुसने भी नहीं दिया जाए। सीजन में निगम की टीम कार्रवाई करने आ गई थी। बताया जा रहा है कि विरोध करने वालों ने नारेबाजी भी की।
कर्मचारी का गला पकड़कर धक्का दिया
सहायक रिमूवल अधिकारी विनीत तिवारी ने बताया कि शीतला माता बाजार में कार्रवाई करने के लिए निगम की टीम पहुंची थी। मैं भी उनके साथ कार्रवाई में था। निगम कर्मचारी मोहित शर्मा दुकान के बाहर रखा सामान उठाकर ला रहे थे। तभी वहां एक दलाल ने निगम कर्मचारी का गला पकड़कर धक्का-मुक्की कर दी और वहां से भाग गया। इस दौरान यहां हंगामा खड़ा हो गया। इसके बाद वहां लोग इकट्ठा हो गए और हंगामा शुरू हो गया। निगम कर्मचारी के साथ हुई घटना के मामले में सराफा थाने में शिकायत की है।
अध्यक्ष बोले विवाद हुआ, हमने समझाईश दी
शीतला माता बाजार व्यापारी संघ अध्यक्ष हेमा भाई पंजवानी ने बताया कि शाम को नगर निगम की टीम कार्रवाई करने आई थी। इस दौरान विवाद की स्थिति बन गई। हमने सभी को समझाने की कोशिश की है। यहां ई-रिक्शा, रिक्शा और बेतरतीब पार्किंग के कारण भी यहां दिक्कत होती है। जिसके कारण यहां रोड पर जाम की स्थिति बन जाती है।
सराफा थाने पर दिया आवेदन
सराफा थाना प्रभारी एसएस रघुवंशी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान विवाद की सूचना मिली थी। किसी को कोई चोट नहीं आई है। मामले में नगर निगम ने अज्ञात के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया है।
