इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने पारिवारिक विवाद के बाद गुस्से में जहर खा लिया। उसे मंगलवार रात परिजन इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक लंबे समय से त्वचा रोग से पीड़ित था और इसी कारण समाज में उसका विवाह नहीं हो पा रहा था। इस बात को लेकर वह डिप्रेशन में रहता था।
बाणगंगा पुलिस के अनुसार मृतक रवि (32) पुत्र शेरसिंह साकले निवासी गोकुल धाम सिटी ने देर रात घर पर जहर खा लिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया और पोस्ट मार्टम कराकर परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं।
युवक ने घर में किया था विवाद
परिजनों ने बताया कि रवि पिछले दो-तीन दिनों से शराब पीकर घर आ रहा था और शादी न होने की वजह से माता-पिता व परिवार के अन्य सदस्यों से विवाद कर रहा था। मंगलवार रात भी घर में झगड़ा हुआ। इस दौरान उसका भाई राजेश कुछ देर के लिए घर से बाहर चला गया। वापस लौटने पर रवि की हालत बिगड़ी हुई थी। पूछने पर उसने बताया कि उसने जहर खा लिया है। इसके बाद परिजन उसे तत्काल एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन बचाया नहीं जा सका।
राजेश के मुताबिक रवि को लंबे समय से त्वचा रोग था, जिसके कारण समाज में उसे विवाह के लिए लड़की नहीं मिल रही थी। उम्र बढ़ने के साथ वह मानसिक रूप से टूटने लगा और अक्सर डिप्रेशन में रहने लगा। रवि मकान निर्माण का काम करता था, जबकि उसके पिता सिक्योरिटी गार्ड और भाई एक प्रॉपर्टी ब्रोकर के यहां काम करता है।

