इंदौर में बैंक के वरिष्ठ रिटायर्ड अफसर की मौत:घर से आधा किलोमीटर दूर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, पूर्व सीएम के हैं भतीजे

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

नवीनचंद्र गंगवाल मृतक

इंदौर के कनाडिया में सोमवार शाम एक सड़क हादसे में बैंक से रिटायर्ड एक वरिष्ठ अफसर की मौत हो गई। उन्हें घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल भेजा था। इसके बाद परिवार को देर शाम सूचना मिली थी। वह प्रदेश के भूतपूर्व सीएम के भतीजे हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है।
कनाडिया पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना बिचौली हप्सी इलाके की है। यहां पर नवीनचंद(68) पुत्र नेमीचंद गंगवाल घर से दूध लेने के लिए पैदल निकले थे। रास्ते में उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। लोगो ने उन्हें घायल अवस्था में एमवाय भेजा। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
नवीन एसबीआई में वरिष्ठ अफसर के पद पर मौजूद रहे हैं। यहीं से वह रिटायर्ड हुए हैं। उनके परिवार में दो बेटे हैं। जिसमें से एक अमेरिका और दूसरा बेंगलोर में है। परिवार के मुताबिक बड़े बेटे के अमेरिका से आने के बाद मंगलवार शाम को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
भूतपूर्व सीएम के भतीजे
परिवार के लोगों ने बताया कि नवीनचंद का परिवार देवास जिले से ताल्लुक रखता है। नौकरी के दौरान वह प्रदेश के कई जगहों पर रहे। मध्यप्रदेश के भूतपूर्व सीएम मिश्रीलाल गंगवाल के नवीनचंद भतीजे हैं। मिश्रीलाल जी प्रदेश के वित्त मंत्री भी रह चुके हैं।
देहदान का लिया था संकल्प
परिवार के लोगों ने बताया कि नवीनचंद ने देहदान का संकल्प लिया था। इसके चलते सोमवार को पोस्टमार्टम के दौरान उनके देह का दान किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने संस्था से संपर्क किया है। हालांकि पुलिस अभी टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।

Exit mobile version