इंदौर। शहर में सोमवार दोपहर भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। बिजलपुर (राऊ) इलाके की शिव सिटी कॉलोनी में पानी की टंकी की निर्माणाधीन दीवार अचानक गिर गई। मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।
जेसीबी ड्राइवर ने दी जानकारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। सबसे पहले इस घटना को मौके पर मौजूद जेसीबी चालक ने देखा। उसने तुरंत ठेकेदार को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया।
मृतकों और घायलों की पहचान
राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक, मृतकों के नाम गौतम (25), रामेश्वर (55) और टीटू (20) हैं। जबकि सोहन (18) नाम का युवक घायल है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
बारिश से कमजोर हुई दीवार
पुलिस का मानना है कि भारी बारिश की वजह से निर्माणाधीन दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके चलते वह अचानक भरभराकर गिर गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।
