इंदौर के तेजाजी नगर इलाके में गुरुवार शाम एक युवक का अपहरण कर लिया गया। घटना के समय युवक के साथ उसका भाई भी मौजूद था, लेकिन युवक को बदमाश जबरदस्ती स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गए।
आकाश राठौर ने बताया कि उसका भाई आशीष उनसे मिलने आया था। दोनों कंस्ट्रक्शन साइट से राउ गोल चौराहे होते हुए तेजाजी नगर की ओर जा रहे थे। डाल्फिन ढाबे के पास आशीष ने बाथरूम जाने की बात कही। इसी दौरान सर्विस रोड पर काले रंग की स्कॉर्पियो आई, जिसमें से तीन-चार बदमाश उतरे। उन्होंने आशीष को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया और जबरदस्ती उसे गाड़ी में बैठा लिया। बाद में उन्होंने आकाश को भी गाड़ी में बैठाने की कोशिश की, लेकिन वह झाड़ियों की तरफ भाग गया।
आकाश ने परिवार को सूचना दी, जिसके बाद रात को परिजन आशीष की तलाश में थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया। तेजाजी नगर पुलिस ने आकाश की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस स्कॉर्पियो के नंबर के आधार पर छानबीन कर रही है।
परिवार के मुताबिक दोनों भाई मकान में पीओपी का काम करते हैं। वे शाम को राउ इलाके में साइट देखने निकले थे और घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह घटना हुई।
