
इंदौर में प्रेम प्रसंग और आर्थिक तंगी के कारण दो युवकों ने आत्महत्या कर ली। पहला मामला परदेशीपुरा इलाके का है, जहां 25 साल के फोटोग्राफर मोहित बैरवा ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुसाइड से पहले उसने अपनी प्रेमिका को एक मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था – “तुम खुश रहना बेटा, मैं तुम्हारी जिंदगी से जा रहा हूं।” मोहित के परिवार का कहना है कि वह पिछले 13 सालों से एक युवती के साथ प्रेम संबंध में था, लेकिन हाल ही में वह एमवाय अस्पताल के एक डॉक्टर से बात करने लगी। इसको लेकर मोहित और युवती के बीच विवाद हुआ और उसने शादी से इनकार कर दिया। इससे दुखी होकर मोहित ने बुधवार रात अपने घर के ऊपरी कमरे में फांसी लगा ली। शाम से ही उसके दोस्त उसे फोन कर रहे थे, लेकिन उसने कॉल नहीं उठाया। जब रात 11 बजे दोस्त तुषार उसके घर पहुंचा, तो उसने मोहित को फंदे पर लटका देखा। मोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसके कमाई से ही परिवार चलता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना भंवरकुआ इलाके की है, जहां 31 साल के हिमांशु बैरागी ने आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या कर ली। पहले वह एक मोबाइल कंपनी में काम करता था, लेकिन नौकरी छूटने के बाद रेपिडो चलाने लगा। दो दिन से वह काम पर नहीं जा रहा था और तनाव में था। गुरुवार सुबह पड़ोसी ने उसे घर की छत पर फंदे से लटका देखा और परिवार को सूचना दी। हिमांशु के परिवार में छोटा भाई और बड़ी बहन हैं। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।
