इंदौर में फर्स्ट ईयर स्टूडेंट ने किया सुसाइड:युवती से विवाद के बाद खाया जहर, 10 मिनट पहले पिता से की थी बात

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में रहने वाले 18 वर्षीय छात्र ने गुरुवार शाम जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार, तीन दिन पहले एक युवती से कहासुनी के बाद वह मानसिक तनाव में था। हालांकि उसने अपने परिवार से इस बारे में कोई चर्चा नहीं की थी। एमआईजी पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रूद्र पुत्र जीवाजी राव के रूप में हुई है, जो कनकेश्वरी कॉलेज से प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार शाम रूद्र ने गली के पास स्थित एक दुकान से जहर खरीदा और सेवन कर लिया। जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो दोस्तों ने उसके मोबाइल से उसके पिता को सूचना दी। परिजन उसे तत्काल एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पिता जीवाजी राव ने बताया कि रूद्र उनका इकलौता बेटा था। गुरुवार को उसने फोन कर पूछा था कि वे कितनी देर में घर लौटेंगे। उन्होंने कुछ ही देर में पहुंचने की बात कही। रूद्र ने बताया था कि वह गली के कॉर्नर पर ही है। इसके करीब 10 मिनट बाद जहर खाने की सूचना मिली।
परिजनों ने बताया कि एमआर-10 क्षेत्र में रहने वाली एक युवती से रूद्र का तीन दिन पहले विवाद हुआ था। यह जानकारी रूद्र ने अपनी बहन को दी थी, जिसने घटना के बाद परिवार को बताया। परिवार का मानना है कि युवती से आखिरी बार रूद्र की बातचीत उसके मोबाइल पर हुई थी। हाल ही में परिजनों ने उसे नया आईफोन भी दिलाया था, जिस पर लॉक लगा हुआ है।
रूद्र के पिता नगर निगम में कार्यरत हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version