इंदौर में पश्चिम बंगाल की महिला ने किया सुसाइड:घर के बाहर से आई तो बिगड़ी तबीयत; अस्पताल जाते वक्त कहा- जहर खा लिया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के मल्हारगंज इलाके में रहने वाली पश्चिम बंगाल की एक महिला ने आत्महत्या कर ली। रविवार रात वह अपने बेटे से फोन पर बात कर रही थीं। इसके बाद दामाद से कुछ देर में वापस आने का कहकर बाहर गईं और जहर खाकर घर लौट आईं। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां रात में ही उनकी मौत हो गई।
मल्हारगंज पुलिस के अनुसार मृतका सुमित्रा (50) पति समर दास शंकर गंज जिंसी में रहती थीं। रविवार रात उनकी बेटी आयशा उन्हें एमवाय लेकर पहुंची थी। दामाद शफिकुल ने बताया कि सुमित्रा मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली थीं। वह 20 दिन पहले मल्हारगंज स्थित उनके घर आई थीं। उन्हें 10 दिन बाद वापस जाना था, लेकिन टिकट कन्फर्म नहीं हो पा रहा था।
अस्पताल जाते वक्त कहा- जहर खाया
रविवार रात सुमित्रा मोबाइल पर अपने बेटे से बात कर रही थीं। बातचीत के बाद वह बाहर चली गईं और कुछ देर बाद बेटी से कहा कि वह किराने की दुकान से होकर आ रही हैं। करीब 15 मिनट बाद जब वे घर लौटीं, तो उनकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते समय सुमित्रा ने बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है।
दामाद के अनुसार, उनके ससुर समर दास का 10 साल पहले निधन हो चुका है। सुमित्रा के दो बेटे हैं एक अपने परिवार के साथ अलग रहता है, जबकि दूसरा पश्चिम बंगाल में सास के साथ ही रहता है। सुमित्रा दस्तावेजों को लेकर परेशान रहती थीं और इसी विषय पर चर्चा करती थीं। रात में दोनों बेटों को उनकी मौत की जानकारी दे दी गई।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम किया है। सोमवार को सुमित्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Exit mobile version