इंदौर में पत्नी की हत्या कर थाने पहुंचा पति:पुलिस से बोला-चाकू मारकर बीवी का मर्डर कर दिया है; बचाने आई बेटी पर भी हमला

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में पति ने चरित्र शंका में अपनी पत्नी की हत्या कर दी। जब पति अपनी पत्नी को मार रहा था, तभी बेटी बीच-बचाव करने पहुंची, तो उस पर भी हमला कर दिया गया। इसमें वह घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर, घटना के बाद पति लसूडिया थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने बताया कि यह घटना लसूडिया थाना क्षेत्र की स्कीम नंबर 78 के पास झुग्गी बस्ती में शनिवार सुबह हुई। आरोपी पति संजय चौहान का चरित्र शंका को लेकर पत्नी सुमन (36) से अक्सर झगड़ा होता था।

शनिवार सुबह उसने चाकू मारकर पत्नी की हत्या कर दी। बीच-बचाव के लिए 14 साल की बेटी तानी आई, तो उस पर भी चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें वह घायल हो गई। बच्ची का इलाज बॉम्बे अस्पताल में चल रहा है।
पहले से होता आ रहा झगड़ा
उन्होंने बताया कि दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ 151 की कार्रवाई कर उसे जेल भेजा था। जेल से लौटने के बाद भी उनके बीच विवाद होता रहता था। शनिवार को विवाद ने बड़ा रूप ले लिया और पति ने पत्नी की हत्या कर दी।
घटना के बाद थाने पहुंचा आरोपी
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के बाद आरोपी पति लसूडिया थाने पहुंचा, जहां उसने पत्नी की हत्या की बात कबूल की। इस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार किया जा चुका है। उससे पूछताछ की जा रही है।
इधर , पुलिस को ये जानकारी भी मिली है कि आरोपी की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी, वहीं महिला की भी ये दूसरी शादी थी। दोनों ने आपस में शादी भी की थी, लेकिन दोनों पर अविश्वास करते थे। जिसके चलते आए दिन विवाद होता रहता था। संजय मजदूरी करता है।

Exit mobile version