
इंदौर की द्वारकापुरी पुलिस निजी अस्पताल में लैब संचालन की आड़ में अफीम बेचने वाले आलोक शर्मा के तीसरे साथी की तलाश कर रही है। शनिवार को पुलिस ने आलोक शर्मा और उसके साथी कमल पटेल को 463 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि इस कारोबार में तीसरा साथी भी शामिल है, जो खंडवा रोड पर रहता है।
आरोपी पिछले दो माह से अफीम खरीदकर बेचने का काम कर रहे थे। वे सैंपल के बहाने माल की डिलीवरी उठाते थे और अस्पताल का नाम लेकर पुलिस की चेकिंग से बच निकलते थे। जिस तीसरे साथी की तलाश की जा रही है, वह अस्पताल से ही विदुर नगर निवासी आलोक शर्मा से जुड़ा है। आलोक करीब 15 साल से पैथोलॉजी क्षेत्र में काम कर रहा है और शहर के कई बड़े डॉक्टरों से उसकी पहचान है।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ाए आरोपी
एडिशनल डीसीपी दिनेश अग्रवाल के निर्देशन में द्वारकापुरी पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर आलोक शर्मा और उसके साथी कमल पटेल को अफीम के साथ पकड़ा था। आलोक स्कीम नंबर 71 स्थित एक निजी अस्पताल में पैथोलॉजी लेब संचालित करता है, जबकि कमल पहले एम्बुलेंस संचालन से जुड़ा था और कुछ समय से आलोक के साथ काम कर रहा था।
पेडलर को बेची थी अफीम
जांच में सामने आया कि दोनों ने दो महीने पहले एक पेडलर को अफीम बेची थी, जिससे उन्हें दोगुना मुनाफा हुआ। इसके बाद दोनों ने नियमित रूप से अफीम की तस्करी शुरू कर दी। उन्हें अस्पताल से जुड़े एक व्यक्ति ने खंडवा से अफीम लाने का रास्ता बताया था।
