इंदौर में दो अलग-अलग घटनाओं में दो की मौत:संतोष सामान लेने ऑटो से उतरे थे,अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


इंदौर में मंगलवार को दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई। हीरानगर क्षेत्र में एक ऑटो रिक्शा चालक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जबकि आजाद नगर इलाके में छतरी की केबल चेक कर रहे युवक की करंट लगने से मौत हो गई।
सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत
हीरानगर थाना क्षेत्र के बापट चौराहे पर मंगलवार दोपहर सड़क दुर्घटना में ऑटो चालक संतोष साहू (40) की मौत हो गई। वह कुछ सामान लेने के लिए रास्ते में ऑटो रोककर उतरा था। तभी अज्ञात लोडिंग वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें एम्बुलेंस से एमवाय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन शाम को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। संतोष न्यू गौरी नगर में रहता था।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। मृतक के परिजनों ने बताया कि संतोष की चार बेटियां हैं और वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला था।
केबल छतरी देखने गया युवक करंट की चपेट में आया
मयूर नगर में 22 वर्षीय अंकेश पिता शिवलाल टाटू की करंट लगने से मौत हो गई। अंकेश मंगलवार शाम करीब 6 बजे अपने घर की छत पर डिश की छतरी देखने गया था। जब वह छतरी से जुड़ी केबल को हिला रहा था, तभी उसे जोरदार करंट लगा और वह नीचे गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अंकेश एक कैफे में काम करता था और उसके पिता मजदूरी करते हैं। बुधवार को पोस्ट मार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने इस मामले में भी मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version