इंदौर के आजाद नगर क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घायल अवस्था में उसके दोस्त उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद शराब दुकान के पास घूरकर देखने की बात को लेकर हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टीआई लोकेश भदौरिया के अनुसार, मृतक का नाम नीरज उर्फ निर्भय पुत्र मांगीलाल गंगराडे, निवासी हिम्मत नगर पालदा है। वह मजदूरी करता था। लाल पेट्रोल पंप के पास उस पर हमला किया गया। दोस्त उसे गंभीर हालत में रात करीब दो बजे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। सूचना मिलने पर डीसीपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नीरज का दिन में तीन नाबालिगों से विवाद हुआ था। इसके बाद रात में उन्होंने अचानक हमला किया। इस दौरान नीरज का दोस्त रितेश बघेल भी मौजूद था। उसने नीरज का बचाव किया तो आरोपियों ने रितेश पर भी चाकू से हमला किया। रात में रितेश ही नीरज को अस्पताल लेकर आया था।
अभी जिन तीन नाबालिगों की पहचान हुई है, उसमें दो 16 साल के और एक 15 साल का है। पुलिस इस मामले में तीनों नाबालिगों और उनके साथियों की तलाश कर रही है।
