इंदौर में दामाद ने ससुर और साली से की मारपीट:पत्नी का बिना पूछे इलाज कराए जाने की बात से था नाराज; केस दर्ज

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


इंदौर के तेजाजी नगर में एक युवती और उसके पिता के साथ अस्पताल में दामाद ने मारपीट कर दी। वह पत्नी का बिना जानकारी दिए उपचार कराने की बात से नाराज था। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। तेजाजी नगर पुलिस ने बताया कि रिया खेड़े, निवासी भावना नगर लिबोंदी की शिकायत पर रविवार को समीर शारदे, सुरेश शारदे, ममता शारदे, भीम शारदे, संतोष शारदे और भोला शारदे के खिलाफ ट्रॉमा सेंटर अस्पताल के बाहर मारपीट करने के मामले में केस दर्ज किया गया है।
रिया ने पुलिस को बताया कि वह निजी बैंक कर्मचारी है। उसकी बहन सानिया ने मार्च 2025 में समीर से लव मैरिज की थी। पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी, लेकिन ससुराल वाले ठीक से उपचार नहीं करा रहे थे। बहन सानिया से बातचीत के बाद वह पिता के साथ उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची।
यहां रात करीब 10 बजे रिया अपने पिता के साथ बाहर खड़ी थी। तभी समीर, उसके पिता और मां वहां पहुंचे। समीर ने कहा कि पत्नी का उपचार मैं करवाऊंगा, मेरे से बिना पूछे इलाज कैसे करा रहे हैं। इसके बाद तीनों ने रिया के पिता को अपशब्द कहे। समीर ने फोन करके अपने अन्य परिवारजनों को बुलाया और रिया व उसके पिता के साथ बुरी तरह मारपीट की।
इसके बाद सभी जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। रिया अपने पिता के साथ थाने पहुंची और सभी के खिलाफ केस दर्ज कराया।

Exit mobile version