इंदौर में डॉक्टर ने बच्ची को एक्सपायरी वैक्सीन लगाई:विरोध पर रैपर बदला, दंपती के साथ मारपीट की; पुलिस ने डॉक्टर पर केस दर्ज किया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

ढाई महीने की बच्ची को वैक्सीन लगवाने पहुंचे दंपती को एक प्राइवेट हॉस्पिटल में बड़ी लापरवाही का सामना करना पड़ा। डॉक्टर ने कथित तौर पर बच्ची को एक्सपायरी वैक्सीन लगा दी। जब परिजनों ने वैक्सीन के रैपर पर लिखी जानकारी देखकर आपत्ति जताई, तो डॉक्टर ने रैपर बदलने की कोशिश की और विरोध करने पर परिजनों से मारपीट भी की। मामले में पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
मामला मूसाखेड़ी निवासी राहुल ठाकुर की ढाई माह की बच्ची से जुड़ा है। सोमवार रात राहुल अपनी पत्नी रोशनी के साथ सपना-संगीता रोड स्थित मातरम् हॉस्पिटल में पीडियाट्रिशियन डॉ. हिमांशु अग्रवाल के पास बच्ची को वैक्सीन लगवाने पहुंचे। रिसेप्शन पर उनसे 730 रुपए शुल्क लिया गया।
डॉ. अग्रवाल ने बच्ची को Hexa-2 वैक्सीन लगाई। इस दौरान राहुल की नजर बच्ची की फाइल पर चिपकाए गए वैक्सीन के रैपर पर गई, जिस पर वैक्सीन की एक्सपायरी मई 2025 लिखी थी, जो समाप्त हो चुकी थी। इसे लेकर राहुल ने आपत्ति जताई।
डॉक्टर पर रैपर बदलने का आरोप
आरोप है कि इस पर डॉ. अग्रवाल ने फाइल से रैपर निकालकर उसकी जगह दूसरा रैपर चिपका दिया। जब राहुल ने इसका विरोध किया, तो डॉक्टर ने उनके साथ बदसलूकी कर मारपीट की और दंपती को अस्पताल से बाहर निकालते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद पीड़ित दंपती जूनी इंदौर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर डॉ. अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version