इंदौर में ट्रैफिक सिग्नल से टकराई ट्रैवल्स बस:बस में सवार थे करीब 35 यात्री…सभी सुरक्षित; विजयनगर पर हुई घटना

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर में बीआरटीएस हटने के बाद ट्रैफिक सिग्नल की स्थिति को लेकर एक निजी ट्रैवल्स बस के चालक से चूक हो गई। बस ट्रैफिक सिग्नल के पोल से जा टकराई, जिससे बस आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
यह घटना विजयनगर क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 5:30 बजे हुई। उदयपुर से भोपाल जा रही अशोक ट्रैवल्स की एसी स्लीपर बस ट्रैफिक सिग्नल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैफिक सिग्नल टूटकर गिर गया, जबकि बस को भी नुकसान पहुंचा। बस में करीब 35 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।
पुलिस के मुताबिक अशोक ट्रैवल्स की बस क्रमांक MP 14 ZF 9954 रसोमा चौराहे से विजय नगर की ओर आ रही थी। बस की रफ्तार कम थी। बस चालक प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि सड़क के बीच में सिग्नल होने के कारण उन्हें भ्रम हो गया। बीआरटीएस हटने के बाद अचानक बदले ट्रैफिक पैटर्न के चलते वह स्थिति को समय पर समझ नहीं पाए, जिससे हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर गश्त कर रहे पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। इस हादसे में ट्रैफिक सिग्नल और बस दोनों को नुकसान हुआ है।

Exit mobile version