इंदौर के ट्रांसपोर्ट नगर में एक टायर की दुकान में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए देर रात आसपास की दुकानों को खाली कराया गया और दुकानदारों को मौके पर बुलाया गया।
एसआई संतोष दुबे के मुताबिक, रात करीब 1 बजे ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पेट्रोल पंप के पीछे आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां रवाना की गईं। मौके पर कुल तीन दमकलें पहुंचीं। शुरूआती दो घंटे में आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था और फिर सुबह 4 बजे तक पूरी तरह से आग बुझा दी गई।
पिछले साल भी लगी थी आग
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों के अनुसार, जिस जगह आग लगी वहां शेड के नीचे नई और पुरानी टायर की कई दुकानें हैं। कुछ दुकानों में टायर मोल्डिंग (ढालने) का काम भी होता है। कर्मचारियों ने बताया कि पिछले साल दीपावली के समय भी इसी इलाके में बड़ी आगजनी की घटना हुई थी। इस बार लगी आग में पुराने टायर और दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया।
