इंदौर में जिलाबदर बदमाश 200 ग्राम ब्राउनशुगर के साथ पकड़ाया:निगरानीशुदा बदमाश है जगधने, क्राइम ब्रांच ने की कार्रवाई; परदेशीपुरा पुलिस को सौंपा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर क्राइम ब्रांच ने रविवार रात जिलाबदर बदमाश को पकड़ा है। आरोपी के पास से 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। आरोपी को परदेशीपुरा पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया की टीम ने सूरज उर्फ मुन्नाराव जगधने (27) निवासी टापू नगर को पकड़कर कार्रवाई की। सूरज को 3 जुलाई 2025 से छह माह के लिए जिलाबदर किया गया था, इसके बावजूद वह शहर में घूमकर नशा सप्लाई कर रहा था।
लगातार अपराधों में शामिल रहा आरोपी
परदेशीपुरा पुलिस के अनुसार सूरज के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और नशा तस्करी समेत एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह निगरानीशुदा बदमाश है और कुछ माह पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस ने क्षेत्र में मुनादी कराकर उसे जिलाबदर किया था, लेकिन वह नियमों का उल्लंघन करते हुए शहर में सक्रिय था।
क्राइम ब्रांच को मिली लोकेशन, दबिश देकर पकड़ा
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि सूरज परदेशीपुरा इलाके में घूमकर नशा बेच रहा है। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पकड़ने के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच खींचतान भी हुई। बाद में उसे परदेशीपुरा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

Exit mobile version