
इंदौर के विजयनगर इलाके में एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोपी, जो पीड़िता का परिचित है, कार से आया और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विजयनगर पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय छात्रा ने कार्तिक मसकारे के खिलाफ छेड़छाड़ और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। घटना सोमवार दोपहर की है, जब छात्रा बाजार जाने के लिए घर से निकली थी।
गली के मोड़ पर इलाके में रहने वाला कार्तिक कार से पहुंचा, उसने ड्राइवर सीट का शीशा नीचे किया और छात्रा का हाथ पकड़कर जबरन कार में बैठाने की कोशिश करने लगा। उसने छात्रा से कहा कि वह उससे बहुत प्यार करता है।
छात्रा ने विरोध किया और शोर मचाया, जिससे आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए, जिससे घबराकर कार्तिक वहां से कार लेकर फरार हो गया। बाद में छात्रा ने अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
छात्रा ने बताया कि कार्तिक पहले भी उसे परेशान करता था, उसका पीछा करता था और फोन पर कॉल कर उसे तंग करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
