इंदौर में घर में लगी आग,1 बच्चे की मौत:देर रात हुआ हादसा, दम घुटने लगा तब परिवार जागा; चार सदस्य वेंटिलेटर पर

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

जूनी इंदौर इलाके में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक घर में आग लग गई। हादसे के वक्त घर में परिवार के छह सदस्य थे। इनमें से 11 साल के एक बच्चे की दम घुटने से मौत हो गई। हादसा पंढरीनाथ थाना क्षेत्र के विजय पैलेस में रात 2 बजे हुआ।
पंढरीनाथ पुलिस के मुताबिक एजाज खान के घर में रखे कबाड़ में आग लगी। वहां स्पंज का सामान रखा था। इस वजह से आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने घर को चपेट में ले लिया। और पूरे घर में धुआं फैल गया। जिस कमरे में परिवार के लोग और बच्चे सो रहे थे, वहां भी धुआं भर जाने से सभी का दम घुटने लगा।
घटना के बाद एजाज खान का परिवार जागा और आग बुझाने लगा। लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इस बीच पड़ोसियों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोन पर सूचना दी।
पुलिस ने परिवार के घायल सदस्यों को एम्बुलेंस से चोइथराम अस्पताल पहुंचाया। हादसे में 11 साल के रहमान की दम घुटने से मौत हो गई। बाकी 5 लोगों को गंभीर हालत में चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जूनी इंदौर थाना टीआई अनिल गुप्ता के मुताबिक एजाज खान, उनकी पत्नी अनीशा बी, दो बेटियां अल्फिया और आफशीन और दो बेटे रहमान और रियान का दम घुटने लगा। सभी को घायल अवस्था में चोइथराम अस्पताल पहुंचाया। इनमें से 11 साल के रहमान की मौत हो गई। जबकि पत्नी दोनों बेटियां और एक बेटा वेंटिलेटर पर हैं। एजाज की स्थिति खतरे से बाहर है।
इनमें से चार की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Exit mobile version