इंदौर के बाणगंगा में एक कोचिंग संचालिका के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुरुवार को शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की।
पुलिस के मुताबिक, 19 साल की पीड़िता ने बताया कि वह कोचिंग पढ़ाने का काम करती है। इलाके में रहने वाला कृष्णकांत, पुत्र अरविंद गौतम, पिछले एक साल से लगातार उसे परेशान कर रहा था। वह बाहर आने-जाने के दौरान उसका पीछा करता और अश्लील इशारे करता।
जब पीड़िता ने यह बात अपने परिवार को बताई, तो कृष्णकांत के परिवार ने विवाद खड़ा किया। डर और बदनामी के डर से पीड़िता चुप रही।
27 नवंबर को घर के पास दूध लेने जाते समय आरोपी ने अश्लील कमेंट किए। पीड़िता डरकर घर लौट आई और मां व चाची को पूरी घटना बताई। तब उन्होंने चुप रहने की बात कही। लेकिन आरोपी की हरकतें लगातार बढ़ती रही।
1 दिसंबर को पीड़िता की मां ने आरोपी से बात करने की कोशिश की। इस दौरान कृष्णकांत ने अपशब्द कहे और धमकी देने लगा। बहन ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने बहन के साथ मारपीट की और उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इस दौरान पिता और भाई उज्जैन में तेरहवीं प्रोग्राम में थे। पिता और भाई के आने के बाद पीड़िता ने घटना की शिकायत थाने में की।
