इंदौर में कर्ज से परेशान वीडियोग्राफर ने किया सुसाइड:मां-पिता घर लौटे तो फंदे पर लटका मिला इकलौता बेटा

By Abhishek Raghuvanshi

इंदौर के द्वारकापुरी में रहने वाले एक वीडियोग्राफर ने सुसाइड कर लिया। बताया जाता है कि उसने कुछ लोगो से कर्ज लिया था। जो उसे लगातार परेशान कर रहे थे। इसके चलते वह डिप्रेशन में था। रात में माता-पिता ने उसे फंदे पर लटका देख पुलिस को सूचना दी।
द्वारकापुरी पुलिस के अनुसार अमित (35) पुत्र महेश चावड़ा ने बुधवार रात अपने घर में फांसी लगा ली। पिता महेश ने बताया कि वह पत्नी के साथ अपनी भांजी के यहां खाना खाने गए थे। रात करीब 11:30 बजे बेटे का कॉल आया। उसने बाहर खाना खाने जाने की बात कही। रात करीब 12 बजे जब दंपती घर पहुंचे तो कमरे की लाइट चालू थी। दरवाजा अंदर से बंद था। बेटे को आवाज दी। लेकिन उसने गेट नहीं खोला।रोशनदार से झांककर देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया। उन्होंने दरवाजा खोलकर शव को जिला अस्पताल भेजा।
पिता महेश के मुताबिक अमित उनका इकलौता बेटा है। वह वीडियोग्राफी का काम करता है। दो माह पहले ही वह द्वारकापुरी में किराए से रहने आए थे। अमित के वीडियोग्राफी के काम से मिलने वाले रुपए मार्केट में उलझे हुए थे। रुपए की जरूरत के चलते उसने कुछ लोगों से कर्ज लिया था। कर्जदार लगातार बेटे पर दबाव बना रहे थे। इसी कारण से वह तनाव में था। उनके मुताबिक दो दिन पहले ही अमित उज्जैन से इंदौर आया था। वह उज्जैन में वीडियोग्राफी का काम करने लगा था। पुलिस ने अमित का मोबाइल जब्त किया है।

Exit mobile version