अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आब्जर्वर व विधायक दानिश अबरार आज देपालपुर में जिला कांग्रेस कमेटी संगठन सृजन अभियान की बैठक ले रहे हैं। यहां वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ चार बैठकें करेंगे। अबरार महू, राऊ और सांवेर में बैठकें कर चुके हैं।
कार्यकर्ताओं के साथ रायशुमारी की आज उनकी अंतिम बैठक है। वहीं सांवेर में रविवार को बैठक के दौरान जिला कांग्रेस के पर्यवेक्षक के सामने हंगामा हो गया। यह हंगामा दूसरे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को इस बैठक में बुलाए जाने के कारण हुआ।
इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के लिए कार्यकर्ताओं की राय जानने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस द्वारा नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक दानिश अबरार ने कल सांवेर के खुड़ैल ब्लॉक की बैठक की थी। इसमें बड़ी संख्या में ग्राम सोनवाय, सनावदिया व राऊ के कार्यकर्ता पहुंच गए। यह कार्यकर्ता जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मनीष पटेल, दौलत पटेल और पुनीत पारिया का समर्थन करने पहुंचे थे।
रीना बौरासी सेतिया ने ली आपत्ति
बैठक में जैसे ही यह कार्यकर्ता आगे आने लगे वैसे ही अध्यक्ष पद की दावेदार रीना बौरासी सेतिया ने आपत्ति ली। उन्होंने कहा कि दूसरे क्षेत्र के लोग इस ब्लॉक में कैसे आ गए हैं। उनके आपत्ति लेते ही बैठक में हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद पर्यवेक्षक द्वारा जब जानकारी ली गई तो दूसरे क्षेत्र से आए कार्यकर्ताओं को बैरंग वापस भेजा गया।
भोपाल-दिल्ली से नियुक्त नहीं होंगे जिला अध्यक्ष
इंदौर में आब्जर्वर व विधायक दानिश अबरार ने कहा कि अब से जिला कांग्रेस का अध्यक्ष सीधे भोपाल और दिल्ली से नियुक्त नहीं किया जाएगा। अब जिला कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव का अधिकार कांग्रेस के स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को दिया है। मैं जिला अध्यक्ष के चयन के लिए आप सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर अपनी रिपोर्ट हाईकमान को भेजूंगा। अबरार कल मंगलवार को सभी पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक सहित अन्य पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। अबरार के साथ इस दौरान कैलाश परमार, अविनाश भार्गव और राहुल शर्मा मौजूद रहेंगे।
