इंदौर के भंवरकुआ में हॉस्टल में घुसा युवक, लैपटॉप-फोन चोरी:सीसीटीवी वीडियो में दिखा चोरी करते, पीड़ित बोले- पुलिस ने शिकायत के बाद लापरवाही की

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के भंवरकुआ इलाके में एक चोर ने दो दिनों में आधा दर्जन से ज्यादा स्टूडेंट और नौकरीपेशा लोगों के मोबाइल और लेपटॉप चोरी कर लिए। मामले में पीड़ित थाने भी पहुंचे, लेकिन पुलिस ने आवेदन लेकर टाल दिया। दूसरी बार इलाके में वारदात होने पर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने रविवार रात आरोपी के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की हैं।
भंवरकुआ पुलिस ने हरू पुत्र वसना मेड़ा, निवासी श्री लाइब्रेरी होस्टल की शिकायत पर चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज की है। हरू मूल रूप से झाबुआ का रहने वाला हैं और इंदौर में अपने भाई के साथ रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा हैं।
शनिवार की सुबह, आरोपी सफेद रंग की शर्ट पहने होस्टल में घुसा और हरू और उनके भाई का मोबाइल चुरा लिया। इसके अलावा, आरोपी ने इसी होस्टल में रहने वाले कृष्ण पाल, रवि सुरैलिया और पुलकित यादव का भी मोबाइल चुरा लिया।
दूसरे दिन रविवार आरोपी ने उदित सिंह, निवासी छोटी पट्टी, के साथ भी चोरी की। उसने उदित का लेपटॉप, दोस्त प्रखर का लेपटॉप, काक्षित पटले का मोबाइल और लेपटॉप, दोस्त अमर बिसेन का मोबाइल, अजय सिंह यादव का मोबाइल और ऋषभ ठाकरे का मोबाइल चुरा लिया और फरार हो गया।
छात्रों का आरोप- पुलिस ने लापरवाही की
छात्र हरू ने बताया कि शनिवार को उनके मोबाइल न मिलने पर सभी पीड़ित थाने पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने आवेदन लिया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज देखने की बजाय कहा कि वे “अपने हिसाब से चोर को ढूंढ लेंगे।” इसके बावजूद आरोपी खुलेआम इलाके में घूमता रहा और फिर से चोरी की वारदात कर दी।

Exit mobile version