इंदौर के प्रेस्टीज कॉलेज के प्रोग्राम में मारपीट:12वीं के छात्र को जान से मारने की धमकी दी; 2 युवकों पर FIR

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के प्रेस्टीज कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक छात्र और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की गई। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
विजयनगर पुलिस के अनुसार, अंकित अहिरवार पुत्र नरेंद्र अहिरवार निवासी साईंनाथ कॉलोनी की शिकायत पर रजत और यशवंत के खिलाफ मारपीट और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, अंकित बाणगंगा क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र है। शनिवार शाम वह अपने दोस्तों आदेश, रूद्र, आर्किसमान और द्रोन के साथ प्रेस्टीज कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था।
जान से मारने की धमकी भी दी
कार्यक्रम के दौरान अंकित का कंधा रजत और यशवंत से टकरा गया, जिसके चलते दोनों युवकों ने अंकित से धक्का-मुक्की शुरू कर दी और अपशब्दों कहे। इस दौरान रजत ने अंकित की शर्ट फाड़ दी और उसे धक्का दिया। झूमाझटकी में अंकित की सोने की चेन गिर गई।
अंकित ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलते ही उसके दोस्त आदेश और रूद्र वहां पहुंचे और बीच-बचाव किया। बाद में जब अंकित कॉलेज के गेट के बाहर आया, तो आरोपियों ने एक बार फिर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
रात करीब 8 बजे अंकित अपने साथियों के साथ विजयनगर थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Exit mobile version