आबकारी विभाग इंदौर द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध की गई प्रभावी कार्रवाई.

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


4 लाख रूपये से अधिक कीमत की अवैध मदिरा और वाहन जप्त.
कलेक्टर श्री आशीष सिंह के निर्देशन एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग इंदौर द्वारा अवैध मदिरा के परिवहन और विक्रय के विरुद्ध दो महत्वपूर्ण कार्यवाहियाँ कर कुल 4 लाख रूपये से अधिक मूल्य की मदिरा और वाहन जप्त किए गए।
पहली कार्यवाही में आबकारी उप निरीक्षक श्री आशीष जैन (वृत्त-आंतरिक क्षेत्र क्रमांक 01) के निर्देशन में एक ईऑन कार से कुल 36 बल्क लीटर (2पेटी विदेशी व्हिस्की व 2 पेटी देशी शराब) अवैध मदिरा बरामद की गई। आरोपी पंकज पिता जयसिंह परमार (निवासी देवास) के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। बरामद मदिरा एवं वाहन का अनुमानित मूल्य 3.30 लाख रूपये आंका गया है।
दूसरी कार्रवाई वृत्त काछी मोहल्ला के उप निरीक्षक श्री भगवानदास अहरवार के नेतृत्व में कुलकर्णी नगर क्षेत्र में की गई, जहाँ एक दोपहिया वाहन से अवैध रूप से ले जाई जा रही 100 पाव देशी मसाला शराब पकड़ी गई। इस प्रकरण में अंकित पिता मिश्रीलाल (निवासी कुलकर्णी नगर) के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। कुल जप्ती का बाजार मूल्य लगभग 70,500 रूपये है।
इन कार्यवाहियों में श्री देवेश चतुर्वेदी (जिला कंट्रोल रूम प्रभारी), श्री मनोज अग्रवाल व श्री जयसिंह ठाकुर (सहा. जिला आबकारी अधिकारी), उप निरीक्षक श्री सुनील मालवीय, मुख्य आरक्षक श्री बद्रीसिंह जमरा, सुश्री सीमा भूरिया, आरक्षक श्री विपुल खरे, श्री मुकेश रावत व श्री वीरेंद्र पटेल सहित सम्मिलित टीम का सराहनीय योगदान रहा ।
आबकारी विभाग इंदौर द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध लगातार सजग एवं सशक्त अभियान चलाए जा रहे हैं। आमजन से अपील की गई है कि वे मद्य निषेध और कानून का समर्थन करें तथा अवैध गतिविधियों की सूचना विभाग को देकर सहयोग करें।

Exit mobile version