आबकारी विभाग इंदौर द्वारा शराब दुकानों पर बड़ी कार्रवाई

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

निर्धारित अधिकतम एवं न्यूनतम विक्रय मूल्य का उल्लंघन करने वाली पाँच शराब दुकानों पर लाखों रुपये का जुर्माना
इंदौर जिले में आबकारी के अमले द्वारा निर्धारित अधिकतम एवं न्यूनतम विक्रय मूल्य के उल्लंघन पर कंपोजिट मदिरा दुकानों पर कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई में रामकृष्णबाग, कनाडिया ग्राम, खजुरिया, बुढानिया एवं मदिरा दुकान देपालपुर क्र.-2 के लायसेंसियों के विरूद्ध केस दर्ज किये गये है।
सहायक आबकारी आयुक्त श्री अभिषेक तिवारी ने बताया कि उक्त प्रकरणों को कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के समक्ष निराकरण हेतु प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर द्वारा इन मदिरा दुकानों पर कठोर कार्यवाही करते हुए कुल 12 लाख 83 हजार 918 शास्ति अधिरोपित की गई है, संबंधित लायसेंसियों को उक्त राशि में किसी प्रकार की छूट/क्षतिपूर्ति की पात्रता नहीं होगी।
इसी अनुक्रम में जिले के लायसेंसियों द्वारा गंभीर अनियमितताएं किये जाने पर कुल 27 प्रकरण पंजीबद्ध कर 26 प्रकरणों में कुल शास्ति राशि 68 लाख 40 हजार 153 रुपये आरोपित की गई है तथा अन्य नियमों का उल्लंघन किये जाने पर 3627 प्रकरण पंजीबद्ध किये गये है एवं 2950 प्रकरणों में लगभग 72 लाख रुपये जुर्माना आरोपित कर वसूली की कार्यवाही की गई है। इस प्रकार सहायक आयुक्त आबकारी द्वारा कुल 1 करोड़ 28 लाख रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त किया गया है।
इंदौर जिले में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन पर आबकारी विभाग के अमले द्वारा नियम विरुद्ध शराब विक्रय करने वालों के विरूद्ध कार्यवाहियां लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version