इंदौर| शहर में गलत ढंग से नंबर प्लेट लगाकर घूमने, नंबरों से छेड़छाड़ करने और हूटर व वीआईपी बनने के लिए फ्लैश लाइट लगाकर घूमने वाले वाहन चालकों को सतर्क होने की जरूरत है। पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश के पुलिस कमिश्नर और पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मोटर व्हीकल एक्ट के अनुसार ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त दंडात्मक एक्शन लें। डीसीपी ट्रैफिक अरविंद तिवारी ने बताया, मुख्यालय से निर्देश मिले हैं कि निजी वाहनों पर हूटर, फ्लैश लाइट, वीआईपी स्टीकर और गलत नंबर प्लेट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगामी 15 दिनों में इसे लेकर सख्त कार्रवाई होगी। इसे लेकर शहर के 32 चौराहों पर विशेष चेकिंग शुरू करवाई गई है। इस कार्रवाई में किसी भी रसूखदार को बख्शा नहीं जाएगा।
