इंदौर जिले में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज सहित अन्य कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत जिले की बीज से जुड़ी एक कपंनी का लायसेंस निलंबित किया गया है। उप संचालक कृषि श्री सी.एल. केवड़ा ने बताया कि जिला स्तरीय गुण नियंत्रण दल द्वारा गत 03 नवम्बर 2025 को मेसर्स ईगल सीडस एण्ड बायोटेक प्राईवेट लिमिटेड ग्राम पीर कराडिया क्षिप्रा ए.बी. रोड इंदौर का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान उक्त संस्थान के गोदाम में भण्डारित बीजों से संबंधित अनियमितता पाई जाने पर दस्तावेज चाहे जाने पर उपलब्ध नहीं कराये गये थे। गोदाम में भण्डारित गेहूं बीज के नमूने विश्लेषण हेतु लिये गये जिसके नमूना पत्रक एवं पंचनामा पर कंपनी प्रतिनिधि द्वारा हस्ताक्षर किये जाने से इंकार किया गया व शासकीय कार्य में सहयोग प्रदान नही किया गया। गोदाम में भण्डारित समस्त बीज को विक्रय एवं परिवहन से प्रतिबंधित करते हुए मेसर्स को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। समय सीमा में चाहे गये वैध दस्तावेज एवं जानकारी सहित प्रतिउत्तर प्रस्तुत नहीं करने पर मेसर्स ईगल सीडस एण्ड बायोटेक प्राईवेट लिमिटेड ग्राम पीर कराडिया क्षिप्रा ए.बी. रोड इंदौर को प्रदाय बीज अनुज्ञप्ति क्रमांक-204 को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
