पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेई जी की जन्म शताब्दी के अवसर पर इंदौर नगर निगम द्वारा शहर में महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्वच्छता हेतु विशेष अभियान प्रारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव द्वारा चंदन नगर तिराहा स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा की सफाई एवं जल से धुलाई कर किया गया।
इस अवसर पर महापौर श्री भार्गव ने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। उनकी जयंती पर महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्वच्छता कर उन्हें सम्मान देना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अभियानों में सहभागिता की अपील की।
इस अवसर पर महापौर परिषद सदस्य श्री अभिषेक शर्मा बबलू, महापौर प्रतिनिधि श्री भारत पारख, पार्षद श्री महेश चौधरी, श्रीमती शिखा संदीप दुबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर प्रतिमा परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छ, सुंदर एवं सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
