भोपाल : पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कावड़ यात्रा को लेकर किए गए पोस्ट पर मप्र शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने जवाबी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मौलाना दिग्विजय सिंह केवल सनातन का विरोध करते हैं। वो कांवड़ यात्रा को भी विवादास्पद करना चाहते हैं।
सारंग ने दिग्विजय सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जाकिर नायक का महिमामंडन करने वाले, आंतकियों को संरक्षण देने की बात करने वाले, सेना के ऑपरेशन पर विवाद खड़ा करने वाले, पाकिस्तान परस्ती की बात करने वाले, तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देने वाले दिग्विजय सिंह से और कोई उम्मीद भी नहीं की जा सकती।
मंत्री सारंग ने कहा कि दिग्विजय सिंह हर समय हिंदू धर्म, हिंदू साधू-संतों और हिंदू त्यौहारों का अपमान करते आये हैं। इसीलिये उन्हें मौलाना दिग्विजय सिंह कहा जाता है। भगवा आतंकवाद जैसे शब्दों की इजाद कर उन्होंने सनातन को बदनाम करने का काम किया है। हिंदू और सनातन धर्म के किसी भी त्यौहार पर यदि ऐसे टिप्पणी होगी तो यह सहन नहीं किया जाएगा। दिग्विजय सिंह को अपने इस कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए।
