प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के डिजिटल इंडिया के संकल्प को साकार करते हुए तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के सुशासन के विज़न को आगे बढ़ाते हुए , नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव के निर्देशन में नगर पालिका निगम इंदौर द्वारा डिजिटल इंदौर के अंतर्गत एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है।
निगम का उद्देश्य सदैव यह रहा है कि शहरवासियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से शीघ्र, सरल एवं पारदर्शी सेवाएं प्रदान की जाएं। इसी दिशा में नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने हेतु व्हाट्सऐप चैटबॉट सेवा (मोबाइल नंबर – 7440311311) की शुरुआत की गई है। इस नई सुविधा के अंतर्गत नागरिक नगर निगम से संबंधित किसी भी समस्या की शिकायत सीधे व्हाट्सऐप पर दर्ज कर सकेंगे। यह चैटबॉट 311 मोबाइल ऐप से एकीकृत (इंटीग्रेट) है, जिससे शिकायत तुरंत संबंधित अधिकारी को प्राप्त होगी। प्राप्त शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी निवारण किया जाएगा।
इस सेवा से न केवल शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक होगी, बल्कि नागरिकों और नगर निगम के बीच संवाद और अधिक मजबूत होगा। नगर निगम इंदौर को विश्वास है कि यह पहल डिजिटल इंडिया और डिजिटल इंदौर के लक्ष्यों को साकार करने में एक मील का पत्थर सिद्ध होगी। यह कदम इंदौर को सिर्फ स्मार्ट सिटी ही नहीं, बल्कि स्मार्ट सर्विस सिटी बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
