नई दिल्ली। ईडी ने मोहाली के सेक्टर 79 में 32 वर्षीय सिमरन प्रीत पनेसर के घर पर छापेमारी की है। पनेसर के खिलाफ कनाडा में दो करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक के सोने की चोरी में कथित भूमिका के लिए वारंट जारी किया गया था। ईडी ने इस मामले में पनेसर से पूछताछ भी की है। ईडी ने अप्रैल 2023 में कनाडा के पियर्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से चोरी की जांच के लिए पीएमएलए के तहत हाल में आपराधिक मामला दर्ज किया है। इस मामले में सिमरन प्रीत पनेसर के शामिल होने के आरोप है। जिसके चलते उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक कनाडा में काम करते हुए सिमरन एयरपोर्ट से सोने की 6600 छड़ें और कैश लेकर गायब हो गया। इसकी कीमत 216 करोड़ रुपये बताई जा रही है। स्विट्जरलैंड के ज्युरिक से यह करेंसी और सोना कनाडा लाया गया था। इसे कनाडा के बैंक में ले जाया जाना था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सिमरन ने सबको चकमा देने के लिए चोरी के अगले दिन अपने दोस्त को मैसेज किया मैं इंडिया जा रहा हूँ, थोड़े दिन दूर रहूँगा। ईडी ने इस मामले में पीएमएलए की धारा 2 (1) (RA) का इस्तेमाल किया है। यह कानून सीमा पार निहितार्थ से संबंधित है। इसमें कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति ने भारत से बाहर कोई अपराध किया है जो भारत में भी अपराध बनता है और उस व्यक्ति ने उस अपराध से प्राप्त आय को भारत मे स्थानांतरित किया, तो यह कार्रवाई की जाएगी।
