हमले के 21 दिन:हाई कोर्ट में TI ने लिखकर दिया- ‘जीतू ने ही भेजे थे कालरा के घर गुंडे’, फिर किस बात की देरी

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

पार्षद कमलेश कालरा के घर हमले के मामले में पुलिस खुद हाई कोर्ट में मान चुकी है कि पार्षद जीतू यादव ने ही गुंडों को हमला करने भेजा था। गुंडे पिंटू रावेरकर ने जमानत के लिए याचिका दायर की थी। इस मामले में पुलिस की ओर से कोर्ट में जोर देकर कहा गया कि इस पूरे घटनाक्रम का मास्टर माइंड या सरगना जीतू यादव ही है। अभी उसका पकड़ा जाना बाकी है।
पुलिस की ओर से अधिवक्ता ने कोर्ट में चार वीडियो और तीन ऑडियो पेश किए हैं। वीडियो में दिख रहा है कि जीतू के गुंडे कालरा के घर में चिल्ला रहे हैं कि तूने जीतू भैया का नाम कैसे लिया। वहीं ऑडियो में कालरा को जीतू द्वारा धमकाए जाने की रिकॉर्डिंग पेश की गई। बहस के दौरान पुलिस की ओर से कहा गया कि जीतू की तलाश में विभिन्न टीमें छापेमारी कर रही हैं। अभी उसका पकड़ा जाना जरूरी है।
पूरी घटना को जीतू के इशारे पर ही अंजाम दिया गया था। एफआईआर में भी कालरा के बेटे ने जीतू का ही नाम लिखा है। वहीं कालरा ने भी पूरे घटनाक्रम में जीतू को ही मुख्य आरोपी बताया है। पूरे समय घर में भी 30-40 गुंडे जीतू के नाम पर परिवार के लोगों को धमकाते रहे हैं।
कमलेश के बेटे का वीडियो भी मुख्य आरोपी को दिखाने की नीयत से ही बनाया था। वहीं रिकॉर्डिंग में भी कमलेश ने जीतू से घर से गुंडे वापस बुलाने का निवेदन किया तो जीतू खुद बोल रहा है कि ठीक है, मैं अपने लोगों को वापस बुलाता हूं।
जीतू के गुर्गे की जमानत निरस्ती के लिए पेश आवेदन के मुख्य बिंदु…
जांच के दौरान प्राप्त ऑडियो रिकॉर्डिंग व घटनास्थल के फुटेज से स्पष्ट है कि पार्षद कमलेश कालरा के घर भेजे गए सभी आरोपी पार्षद जीतू यादव (वार्ड 24) द्वारा भेजे गए हैं। इन्होंने पूरी तरह से राजनीतिक संरक्षण में रहकर आपराधिक कृत्य किया है। इससे पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल निर्मित हो गया है।
इस आपराधिक कृत्य का सामाजिक रूप से प्रदेश के विभिन्न शहरों में पार्षद जीतू यादव के खिलाफ आम जनता द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया है।
जांच अभी जारी है। आरोपियों और पार्षद जीतू यादव द्वारा फरियादी व परिवार को धमकाया गया है कि तुम्हारे साथ रोजाना ऐसा ही (निर्वस्त्र) होगा। इसलिए इस बात की पूरी संभावना है कि जमानत मिली तो आरोपी द्वारा फरियादी पक्ष व साक्षियों को डराया-धमकाया जाएगा।

Exit mobile version