शिव बारात में तीन युवकों को कटर मारे:नर्मदापुरम के बनखेड़ी में थाने का घेराव-प्रदर्शन; आज शहर बंद

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

नर्मदापुरम के बनखेड़ी में शिव बारात के दौरान तीन युवकों को बदमाशों ने ब्लेड मार दिया। लोगों ने एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया। उसे लेकर थाने पहुंचे। यहां हिंदूवादी संगठनों के सदस्य इकट्‌ठा हो गए। थाना परिसर में बैठकर नारेबाजी करने लगे।
घटना बुधवार रात करीब 9.30 से 10 बजे के बीच की है। प्रदर्शन के करीब दो घंटे बाद पुलिस ने फरार दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। घटना के विरोध में आज बनखेड़ी के सकल हिंदू समाज ने नगर बंद का आह्वान किया है।
बनखेड़ी थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने बताया- यासीन खान, रजी खान और अरमान खान ने शिव बारात में शामिल अशोक मेहरा, सुमित यादव और मोहित पर हमला किया। यासीन को लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया था। तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मारपीट करने सहित गैर जमानती धाराएं भी लगाई हैं।
2000 रुपए देने से इनकार पर हमला किया
फरियादी अशोक मेहरा ने पुलिस को बताया कि वो शिव बारात में शामिल था। झंडा चौक के पास यासीन खान आया और गाली देते हुए 2000 रुपए मांगे। इनकार करने पर ब्लेड से वार करने लगा। मोहित और सुमित बीचबचाव करने आए तो रजी खान और अरमान ने ब्लेड मारे। पीठ और हाथ पर चोट लगी है।
थाना परिसर में हिंदू संगठनों की नारेबाजी
शिव बारात में शामिल लोगों ने यासीन खान को पकड़ लिया। रजी खान और अरमान खान भाग निकले। रात 10.30 बजे हिंदू संगठन के लोगों ने थाना परिसर में बैठकर नारेबाजी की। रात 12 बजे बनखेड़ी पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश पटेल ने कहा- भगवान शिव की बारात में इस तरह की हरकत का हम विरोध करते हैं। व्यापारी भाइयों से दुकानें बंद रखकर बंद में सहयोग करने का आह्वान किया है।

Exit mobile version