भाजपा पार्षद कमलेश कालरा के घर में घुसकर नाबालिग बेटे के कपड़े उतारने और परिवार की महिलाओं से गुंडागर्दी करने वाले उत्पातियों का पुलिस ने तो खुलासा नहीं किया है, लेकिन जो वीडियो नजर आ रहे हैं उसमें उत्पात मचाने वाले एमआईसी सदस्य जीतू यादव के ही लोग हैं, क्योंकि वीडियो में दिखने वाले कुछ दिन पूर्व जीतू के क्षेत्र में लगे होर्डिंग में नजर आ रहे हैं। बावजूद इसके जूनी इंदौर पुलिस ने न उत्पातियों की पहचाना और न कोई कार्रवाई की।
उधर पीड़ित भाजपा पार्षद कमलेश कालरा के परिजन का कहना है कि दिनदहाड़े गुंडागर्दी करते हुए जीतू यादव के समर्थक घर में घुसे। 15 मिनट तक उत्पात मचाया, हथियार लहराए, बेटे के कपड़े उतारकर वीडियो तक बना लिया। फिर भी पुलिस मौके पर नहीं आई। हमने डायल 100 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करवाई। इसके चार दिन बाद भी पुलिस वायरल वीडियो में दिख रहे चेहरे में से एक को नहीं पहचान सकी है।
एडि. डीसीपी आनंद यादव ने बताया कि फुटेज से कुछ आरोपियों की पहचान की है। जल्द इन्हें गिरफ्तार करेंगे।
1.7 मिनट के वीडियो में जीतू के होर्डिंग पर साथ दिखने वाले ही
घटना को लेकर वायरल वीडियो पर जब हंगामा मचा तो एमआईसी सदस्य जीतू यादव ने वायरल वीडियो में अपने एक भी समर्थक के न होने की बात कह दी। पुलिस ने भी दबाव में अज्ञात 40 लोगों को आरोपी बना लिया। जो लोग वीडियो में नजर आ रहे हैं कुछ दिन पहले जीतू यादव के क्षेत्र में लगे होर्डिंग में उनके फोटो हैं। फिर भी पुलिस ने एक को भी नामजद आरोपी नहीं बनाया।
पार्षद कालरा के घर में घुसी भीड़ के वीडियो में उत्पात मचाने वालों में पिंटू शिंदे, धन्ना राय, बंटी ठाकुर, नवीन शर्मा, अक्षय दुबे और पिंटू आर्य स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। भास्कर ने भी जीतू के पुराने होर्डिंग के फोटो से मिलान किया तो पाया कि वीडियो बनाने वाला कृष्णा शर्मा है जो नगर निगम में ठेकेदारी करता है। बालक के कपड़े उतारने वाला दिलीप और नंबर प्लेट तोड़ने वाला पिंटू आर्य है। इस मामले में टीआई अनिल गुप्ता से भास्कर ने चर्चा की तो मीटिंग की व्यस्तता बताकर कुछ भी कहने से बचते रहे।
इधर दाे और ऑडियो आए, यादव बोले- संगठन गया चूल्हे में
विवाद के बीच दाे और ऑडियो सामने आए। एक में पार्षद कालरा निगम कर्मचारी काे गालियां देते हुए और धमकाते हुए सुनाई दे रहे हैं। दूसरे में एमआईसी सदस्य यादव पार्षद कालरा से कहते हैं, संगठन गया चूल्हे में। मेरा नाम किस तरीके से ले रहा है तू। तेरी औकात है मेरा नाम इस तरह से लेने की। मुझसे आकर मिल लेना।
दोनों ने नोटिस का जवाब भेजा, संगठन लेगा कार्रवाई पर निर्णय
विवाद के बाद पार्टी द्वारा जारी नोटिस का पार्षद कालरा व एमआईसी सदस्य यादव ने नगर अध्यक्ष को जवाब दे दिया है। अब यह जवाब प्रदेश संगठन काे भेजा जाएगा। वहीं से कार्रवाई पर निर्णय हाेगा। संगठन ने नोटिस में यादव से पूछा था कि कालरा ने शिकायत की है कि आपने उनके घर गुंडे भेजे। गुंडों ने उनके पुत्र के साथ मारपीट की। परिवार के साथ भी बदसलूकी की गई।
वहीं कालरा से भी पूछा था कि आप निगम कर्मचारी के ऑडियो में गाली गलौज कर रहें हैं। इस पर जवाब दें। नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे का कहना है कि दोनों की तरफ से ही जवाब मिल गए हैं। यह जवाब प्रदेश संगठन काे भेजेंगे।
