श्री खजराना गणपति मंदिर प्रबंध समिति द्वारा 3 सितंबर 2025 को आयोजित की जाने वाली सुप्रसिद्ध भजन गायिका सुश्री मैथिली ठाकुर की भजन संध्या के स्थल में परिवर्तन किया गया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम श्री खजराना गणेश मंदिर परिसर में होना था, किंतु भक्तों की सुविधा एवं सुगमता को ध्यान में रखते हुए इसका आयोजन अब देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, खंडवा रोड स्थित तक्षशिला परिसर के ऑडिटोरियम/सभागृह में किया जाएगा।
समिति ने बताया कि मंदिर परिसर में अत्यधिक भीड़ एवं पार्किंग की असुविधा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। नए स्थल पर पर्याप्त बैठने एवं पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे श्रद्धालुओं को कार्यक्रम का आनंद लेने में सहूलियत होगी।
भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायिका मैथिली ठाकुर अपने कलाकार दल के साथ प्रस्तुतियां देंगी। समिति ने सभी भक्तजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर गणपति बप्पा के भजनों का रसास्वादन करने और आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।
